रांची के निजी स्कूलों में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही 11वीं में अग्रिम नामांकन के नाम पर 2,000 से 3,000 रुपये तक रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और जिला शिक्षा विभाग ने इस मनमानी के खिलाफ जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस गंभीर मुद्दे को लेकर गुरुवार को झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुंदाग स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अधिकारी राजीव शर्मा से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जेवीएम श्यामली सहित अन्य संबद्ध विद्यालयों द्वारा बोर्ड परीक्षा से पूर्व ही अग्रिम आवेदन भरवाने और मोटी रजिस्ट्रेशन फीस लेने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि जब अभी तक 10वीं की परीक्षा हुई ही नहीं है और न ही परिणाम जारी हुआ है, तो स्कूलों को इतनी जल्दबाजी में नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की क्या आवश्यकता है। इसके साथ ही, यदि कोई छात्र परिणाम के बाद किसी अन्य विद्यालय में दाखिला लेना चाहे, तो जमा की गई फीस की वापसी की क्या व्यवस्था है, इस पर भी स्पष्टता मांगी गई। क्षेत्रीय अधिकारी राजीव शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए नियमसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
दूसरी ओर, एसोसिएशन के ज्ञापन पर रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने भी सख्त रुख अपनाया है। डीईओ ने जेवीएम श्यामली समेत जिले के सभी प्रखंड, क्षेत्र और अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर अपने-अपने क्षेत्रों के निजी स्कूलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को अग्रिम नामांकन और शुल्क वसूली की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस कार्रवाई को अभिभावकों के हित में एक सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि उनकी लड़ाई किसी स्कूल विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि अपारदर्शी शुल्क वसूली और छात्रों पर डाले जा रहे मानसिक दबाव के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय समय पर आवेदन न कर पाने और सीट छूटने के डर में धकेला जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विद्यार्थी कोई व्यावसायिक ग्राहक नहीं हैं जिनसे महीनों पहले अग्रिम वसूली की जाए। अजय राय ने मांग की कि केवल जांच ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषी पाए जाने वाले स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और सीबीएसई को शुल्क वापसी व पारदर्शिता को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए। इस प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष अजय राय के साथ प्रवीण कुजूर, अनिकेत सिंह, मुकेश साहू और आकाश पासवान भी शामिल थे।









