बोकारो के ललपनिया स्थित आस्था, परंपरा और आदिवासी अस्मिता के प्रमुख केंद्र लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को लेकर बड़ा संदेश दिया है। “लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव 2026” और अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा से पूरा देश चलता है, लेकिन विडंबना यह है कि यहां का मूलवासी और आदिवासी समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। बाबा लुगू बुरू की छत्रछाया और आस्था की ऊर्जा को समाज की एकजुटता से जोड़ते हुए उन्होंने आह्वान किया कि आदिवासी समाज को अपने संवैधानिक व सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक होकर संगठित होना होगा, ताकि खनिज संपदा और अपनी जमीन पर उनकी वाजिब हिस्सेदारी सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस पावन स्थल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन व आस्था केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हर वर्ष महोत्सव के भव्य आयोजन और सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सीतानाला समेत आसपास के क्षेत्रों में कल्याण विभाग के माध्यम से कई विकास योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके अलावा, युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और परंपराओं से जोड़ने के लिए यहां संग्रहालय का निर्माण किया गया है, जिसे और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए जोर दिया कि शिक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त होकर ही आदिवासी युवा अपने समाज और राज्य को आत्मनिर्भरता की राह पर आगे ले जा सकते हैं।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में हो रहे खनन और आदिवासियों की जमीन से जुड़े मुद्दों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि अधिकारों की रक्षा के लिए समाज की एकता बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सरना धर्म कोड लागू कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। साथ ही, उन्होंने आगामी जनगणना और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसी प्रक्रियाओं को लेकर आदिवासी समाज को विशेष रूप से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की, ताकि उनकी पहचान, अस्तित्व और संवैधानिक अधिकारों पर किसी भी तरह की आंच न आ सके।









