रांची: आदिवासी महिला कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी सीबीआई ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में जांच एजेंसी ने रविवार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शिशिर राज का बयान दर्ज किया। पूछताछ के दौरान यह अहम तथ्य सामने आया है कि निशा भगत ने अपनी मौत से महज कुछ घंटे पहले अधिवक्ता शिशिर राज को फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के संबंध में राय मांगी थी। सीबीआई इस अंतिम बातचीत को पूरी जांच की एक महत्वपूर्ण कड़ी मान रही है।
अधिवक्ता शिशिर राज ने सीबीआई को बताया कि निशा भगत ने पहली बार फोन कर अजय तिर्की के खिलाफ केस दर्ज कराने की प्रक्रिया पर कानूनी सलाह मांगी थी, जिस पर उन्होंने पूरे मामले को समझने के बाद राय देने की बात कही थी। कुछ समय बाद जब निशा ने उन्हें दोबारा फोन किया, तब वे एयरपोर्ट जा रहे थे और रास्ते में शोर के कारण आवाज स्पष्ट नहीं आ रही थी। इस वजह से उन्होंने निशा से एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोबारा बात करने को कहकर कॉल काट दी। बाद में जब उन्होंने खुद निशा से संपर्क करने की कोशिश की तो बात नहीं हो सकी और कुछ ही देर में उनकी मौत की दुखद खबर मिल गई। जांच टीम का नेतृत्व कर रहे दिल्ली के डीआईजी ने भी उनसे बातचीत के समय और परिस्थितियों को लेकर गहन सवाल-जवाब किए। पूछताछ के दौरान अधिवक्ता ने हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि निशा जैसी निर्भीक और बोल्ड महिला आत्महत्या जैसा कदम उठा सकती है।
गौरतलब है कि छह नवंबर को निशा भगत की कथित आत्महत्या से मौत हो गई थी, जिससे ठीक पहले उन्होंने फेसबुक लाइव आकर राज्य सरकार और जमीन कारोबारियों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। इस घटना के बाद उनके पिता और झारखंड आंदोलनकारी आनादु भगत सहित परिजनों ने इसे साजिश बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी। परिजनों की मांग पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की, जिसके बाद एजेंसी ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। वहीं, सात नवंबर को राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस प्रकरण पर स्वतः संज्ञान लेते हुए सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी और आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने खुद रांची आकर पूरे मामले की जानकारी ली थी। अब सीबीआई इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि मौत से ठीक पहले निशा किन मानसिक और कानूनी परिस्थितियों से गुजर रही थीं।









