रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बार-बार खराब हो रहे 13 वर्ष पुराने बुलेटप्रूफ वाहन को वापस लौटाने के बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अब तक कोई संज्ञान नहीं लिया है। अजय साह ने चेतावनी दी कि यदि सुरक्षा में लापरवाही के चलते बाबूलाल मरांडी या उनके सुरक्षा दस्ते के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
अजय साह ने बताया कि बाबूलाल मरांडी ने 21 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर खराब वाहन की समस्या से अवगत कराया था। उनके आप्त सचिव ने गृह सचिव को पत्र भेजा और डीजीपी तथा आईजी प्रोविजन को भी कई बार सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि लगातार पत्राचार के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो 9 नवंबर को बाबूलाल मरांडी ने अपना बुलेटप्रूफ वाहन वापस लौटा दिया, लेकिन इसके बावजूद सरकार की नींद नहीं टूटी।
भाजपा प्रवक्ता ने सुरक्षा व्यवस्था में दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले में 26-27 गाड़ियां चलती हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष को 13 साल पुरानी गाड़ी दी गई है और उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों की जिप्सियां भी चार लाख किलोमीटर से अधिक चलकर जर्जर हो चुकी हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के काफिले के वाहन के 6 नवंबर को दुर्घटनाग्रस्त होने का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यालय से छह बार पत्राचार और गृह विभाग के निर्देश के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी।
अजय साह ने सवाल उठाया कि जब विभाग के पास कई बुलेटप्रूफ वाहन उपलब्ध हैं, तो पूर्व मुख्यमंत्रियों को जर्जर गाड़ियों के सहारे क्यों छोड़ा गया है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत तकनीकी जांच में उपयुक्त सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराए, सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समीक्षा करे और अब तक हुई शिकायतों पर की गई कार्रवाई का ब्योरा सार्वजनिक करे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कोई राजनीतिक एहसान नहीं, बल्कि सरकार की संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है।









