देवघर के नए सदर अस्पताल में आज सुबह उप विकास आयुक्त श्री पीयूष सिन्हा ने नवजात बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर जिले में पल्स पोलियो अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य के लिए पोलियो की दो बूंद बेहद जरूरी है। बूथ डे के मौके पर उन्होंने कम से कम 70 प्रतिशत बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य तय करने की जानकारी दी और अभिभावकों से अपील की कि वे 22 नवंबर को जिले भर में बनाए गए कुल 1415 बूथों पर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलवाएं।
उन्होंने बताया कि बूथ पर दवा पीने से वंचित रह जाने वाले बच्चों को स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा डोर-टू-डोर जाकर खुराक दी जाएगी, ताकि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके। अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए समाज के हर वर्ग का सामूहिक सहयोग जरूरी है। उन्होंने जिलावासियों से आग्रह किया कि वे खुद आगे आकर इस अभियान में हिस्सा लें, आसपास के लोगों को भी जागरूक करें और पड़ोस के बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलवाना सुनिश्चित करें, क्योंकि स्वस्थ बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, डब्लूएचओ के अधिकारी, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम के साथ-साथ संबंधित विभागों के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

















