झारखंड की राजधानी स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) की गंभीर बदहाली को लेकर प्रदेश राजद प्रवक्ता सह एचईसी नागरिक परिषद के अध्यक्ष कैलाश यादव ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने सीधे तौर पर केंद्र की मोदी सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत एशिया के इस सबसे बड़े मातृ उद्योग को बंद करने की कोशिश की जा रही है।
आज जारी एक बयान में कैलाश यादव ने एचईसी कर्मचारियों की दयनीय स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 32-34 महीनों से यहां कार्यरत अधिकारीयों एवं कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “केंद्र की मोदी सरकार ने आंख में पट्टी बांध रखी है, जबकि मजबूत स्थिति में होने के बावजूद झारखंड से निर्वाचित सांसद और केंद्रीय मंत्री इस मामले में पूरी तरह चुप हैं।”
यादव ने भाजपा के शीर्ष नेताओं पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी ने भाजपा को राज्य के पांच पूर्व मुख्यमंत्री- बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, रघुवर दास और चंपई सोरेन देने का अवसर दिया, जो कभी श्रमिक नेता हुआ करते थे। वर्तमान में भी राज्य से दो केंद्रीय मंत्री, श्रीमती अन्नपूर्णा देवी और रांची के स्थानीय सांसद श्री संजय सेठ, केंद्र में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके बावजूद, किसी भी भाजपा नेता ने एचईसी की बदहाली पर न तो गंभीरता से चिंता व्यक्त की और न ही कोई सकारात्मक पहल की है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
एचईसी के गौरवशाली इतिहास को याद दिलाते हुए राजद प्रवक्ता ने बताया कि यह मेटलिंग, गैस, हेवी मशीन टूल्स के साथ ही रेल, सेल (SAIL), पोखरण और इसरो जैसे देश के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के लिए उपकरणों का निर्माण करता रहा है। उन्होंने चेताया कि केंद्र प्रायोजित इस स्थिति का अब पुरजोर विरोध किया जाएगा। दिसंबर माह से लोगों की गोलबंदी शुरू की जाएगी और प्रबंधन द्वारा प्रायोजित एचईसी की इस कथित हत्या का मजबूती से सामना किया जाएगा।
इसके अलावा, कैलाश यादव ने एचईसी टाउनशिप और लीज के मुद्दों पर भी प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एचईसी ने 90 फीसदी आवास 90 वर्षों की दीर्घकालीन लीज पर आवंटित किए हैं, जिसके नवीनीकरण का नियम प्रत्येक 30 वर्ष बाद का है। वर्ष 1995 के दौरान प्रथम फेज में एलटीएल (LTL) पर लिए गए आवासों के नवीनीकरण का समय समाप्त हो रहा है, लेकिन एचईसी प्रबंधन ने अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं की है, जो निवासियों के लिए चिंता का विषय है।
कैलाश यादव ने अंत में राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार में शामिल सभी मंत्रियों से आग्रह किया है कि वे एचईसी को बचाने के लिए तत्काल सकारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने मांग की कि सरकार राज्य की इस ऐतिहासिक धरोहर को जीवित रखने के लिए ठोस निर्णय ले और केंद्र पर दबाव बनाए।









