आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने राज्य की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए वित्तीय अनियमितताओं पर विभागवार श्वेत पत्र जारी करने, सभी 127 ऑडिट रिपोर्ट को सार्वजनिक करने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामने आए आंकड़ों ने सरकार की वित्तीय व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता की पोल खोल दी है।
प्रवीण प्रभाकर ने दावा किया कि राज्य के पहले बीस वर्षों की तुलना में हेमंत सरकार के मात्र पांच वर्षों के कार्यकाल में लगभग दोगुनी वित्तीय अनियमितता दर्ज हुई है। उनके अनुसार, पहले के बीस वर्षों के मुकाबले वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रति वर्ष औसतन साढ़े सात गुना से अधिक अनियमितताएं सामने आई हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि 2001-02 से 2020-21 के बीस वर्षों में कुल 9,737.57 करोड़ रुपये की अनियमितताएं दर्ज की गई थीं, जबकि महज पांच वर्षों में यह आंकड़ा बढ़कर 18,060.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। प्रभाकर के मुताबिक, पहले बीस वर्षों में सालाना औसत 486.88 करोड़ रुपये की तुलना में हेमंत सरकार के दौरान औसतन 3,612.19 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की अनियमितता दर्ज हुई, जो लगभग 7.42 गुना अधिक है।
ऑडिट रिपोर्ट के हवाले से प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि इनमें 78.06 करोड़ रुपये गबन, 5,214.81 करोड़ रुपये वसूली योग्य राशि, 1,162.27 करोड़ रुपये असमायोजित अग्रिम भुगतान तथा 7,666.14 करोड़ रुपये के सरकारी खर्च पर ऑडिट आपत्तियां शामिल हैं। उन्होंने मांग की कि वसूली योग्य 5,214.81 करोड़ रुपये की राशि वापस लाने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम घोषित किया जाए और गबन व गलत विनियोजन के मामलों में निष्पक्ष आपराधिक जांच हो।
प्रभाकर ने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी खजाने से इतनी बड़ी रकम किन परिस्थितियों में जारी की गई, किन अधिकारियों, ठेकेदारों या एजेंसियों को भुगतान हुआ और इसकी जवाबदेही किसकी तय की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोषियों की जिम्मेदारी तय करते हुए अब तक हुई वसूली का ब्योरा भी जनता के सामने रखा जाना चाहिए।









