रांची। झारखंड में वन्यजीवों के संरक्षण और वन क्षेत्रों के विकास के बीच संतुलन बनाने को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को अपने आवासीय कार्यालय में राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस महत्वपूर्ण बैठक में जैव विविधता की सुरक्षा, प्राकृतिक आवासों के संवर्धन और वन क्षेत्रों में चल रही बुनियादी विकास परियोजनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अभयारण्यों और जंगलों में निवास करने वाले स्थानीय लोगों के हितों, उनकी आजीविका और मूलभूत सुविधाओं को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि संरक्षित वन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की आवश्यकताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सरकार का लक्ष्य ऐसा समन्वय स्थापित करना है, जिससे वन्यजीवों का संरक्षण भी हो और स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए। पौधरोपण अभियानों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महज आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ऐसे फलदार और उपयोगी पौधे लगाए जाने चाहिए, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका और वन्यजीवों के भोजन की जरूरतों को भी पूरा कर सकें।
सुदूरवर्ती वन क्षेत्रों में संचार क्रांति को बढ़ावा देने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना जरूरी है, लेकिन इस प्रक्रिया में वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने जंगलों में मोबाइल टावर लगाने से पहले टावर से निकलने वाले संभावित रेडिएशन और अन्य पर्यावरणीय प्रभावों का गहन आकलन करने तथा सभी तकनीकी सावधानियां बरतने का निर्देश दिया, ताकि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को कोई नुकसान न पहुंचे।
इस बैठक में राज्य के विभिन्न वन क्षेत्रों से जुड़ी कई अहम विकास परियोजनाओं के प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इनमें पूर्वी सिंहभूम के बोंटा गांव में मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत 11 केवी विद्युत लाइन से विद्युतीकरण, लातेहार के विजयपुर में मोबाइल टावर की स्थापना, गारू में कुरिल नदी पर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण और सरायकेला-खरसावां में एनएच-33 के कालीमंदिर-बालीगुमा खंड पर एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण जैसे प्रस्ताव शामिल रहे। इसके अलावा लातेहार में एनएच-75 के उदयपुरा से भोगू खंड के फोरलेन निर्माण, कोडरमा वन्यजीव अभयारण्य के अंतर्गत फूलवरिया एवं डुमरियाटांड़ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति योजना के विस्तार, पलामू टाइगर रिजर्व के कुंमंडीह और बरवाडीह के बीच लगभग 18.5 किलोमीटर रेलवे लाइन को रिजर्व क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने, पारसनाथ में मधुबन से शिखरजी तक सड़क निर्माण और पश्चिमी सिंहभूम के गुआ क्षेत्र में सेल की झिलिंगबुरू-I खनन लीज से जुड़े प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में राज्य वन्यजीव बोर्ड की सदस्य एवं विधायक लुईस मरांडी, विधायक सुदीप गुड़िया, विधायक रामचंद्र सिंह, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव अबूबक्र सिद्दीकी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार और रवि रंजन सहित बोर्ड के अन्य सदस्य तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।









