जारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाई की शादी में शामिल होने दिल्ली से आई 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने दिल्ली में दर्ज जीरो एफआईआर के ट्रांसफर होने के बाद मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता इसी वर्ष जुलाई में अपने भाई की शादी में शामिल होने जारी प्रखंड के एक गांव आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक स्थानीय युवक से हुई। आरोप है कि युवक ने किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता वापस दिल्ली लौट गई थी।
दिल्ली लौटने के बाद जब किशोरी कुछ दिनों तक नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंची, तो स्कूल प्रबंधन को संदेह हुआ। पूछताछ करने पर किशोरी ने अपनी आपबीती स्कूल प्रशासन को बताई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली में ही ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई गई।
दिल्ली से जीरो एफआईआर ट्रांसफर होकर जारी थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस किशोरी को लेकर गुमला सदर अस्पताल पहुंची, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके साथ ही न्यायालय में पीड़िता का बयान भी दर्ज कराया गया।
जारी थाना प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















