फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सिविल एविएशन उप समिति की बैठक चैंबर भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में त्योहारी सीजन, विंटर वेकेशन और नए साल के मौके पर एयरलाइंस कंपनियों द्वारा हवाई किराए में की जा रही भारी बढ़ोतरी पर गहरी चिंता जताई गई। चैंबर सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा से लेकर न्यू ईयर तक के सीजन में लगभग सभी सेक्टरों पर एयर फेयर असामान्य रूप से बढ़ गए हैं, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक रूप से बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चैंबर ने केंद्र और राज्य सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए किराए पर उचित कैपिंग (सीमा तय करने) की व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने इस दौरान कहा कि हवाई यात्रा अब केवल विलासिता नहीं बल्कि व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की जरूरत बन चुकी है। त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने का फायदा उठाकर एयरलाइंस कंपनियों द्वारा मनमाना किराया वसूलना पूरी तरह गलत है, जिस पर लगाम कसने के लिए नियामक स्तर पर प्रभावी नियम होने चाहिए।
इसके साथ ही बैठक में रांची से दिल्ली के बीच इंडिगो एयरलाइंस द्वारा सुबह की फ्लाइट को 1 दिसंबर से 16 जनवरी तक अस्थायी रूप से रद्द किए जाने पर भी गंभीर रोष व्यक्त किया गया। सिविल उप समिति के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने बताया कि इस सेवा के बंद होने से सुबह दिल्ली जाने वाले और वहां से अन्य गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को भारी असुविधा होगी। चैंबर ने एयरपोर्ट प्रशासन से आग्रह किया है कि इंडिगो प्रबंधन से बातचीत कर इस सेवा को फिर से शुरू कराया जाए। यदि परिचालन कारणों से समय में बदलाव जरूरी हो, तो उड़ान को एक-दो घंटे आगे-पीछे किया जा सकता है, लेकिन सेवा को पूरी तरह बंद करना उचित नहीं है।
बैठक में रांची एयरपोर्ट के भीतर संचालित ‘उड़ान कैफे’ की लोकेशन को लेकर भी सवाल उठाए गए। कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने कहा कि कैफे की मौजूदा जगह यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं है, जिसके कारण यात्रियों को एयरपोर्ट के भीतर महंगी खाद्य सामग्री खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने एयरपोर्ट प्रबंधन से मांग की कि कैफे को सुरक्षा जांच (सिक्योरिटी होल्ड एरिया) के बाद संचालित किया जाए ताकि यात्रियों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
इसके अलावा, बैठक में रांची से देश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू करने और कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई, जिसके लिए नागर विमानन मंत्रालय से दोबारा आग्रह करने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, उप समिति चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया, राजीव सहाय, प्रमोद सारस्वत और किशन अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।









