झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर राजनीति गर्मा गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था के पूरी तरह चौपट होने का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां मरीज इलाज के लिए त्रस्त हैं, वहीं स्वास्थ्य मंत्री रील बनाने में मस्त हैं। महतो ने नैतिक आधार पर स्वास्थ्य मंत्री से उनके पद से इस्तीफे की मांग की है।
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों और डॉक्टरों के आंदोलनों के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है। 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े करीब दो हजार ड्राइवर और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन जुलाई से मानदेय नहीं मिलने के कारण नाराज हैं और उन्होंने 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। इसके अलावा, कर्मचारी ईपीएफ, ईएसआईसी, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी और न्यूनतम मजदूरी जैसी सुविधाओं की भी मांग कर रहे हैं। यदि यह हड़ताल शुरू होती है, तो राज्य की आपातकालीन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।
दूसरी ओर, राज्य के चिकित्सा संगठनों ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, डॉक्टरों की सुरक्षा, डीएसीपी, नियमित नियुक्तियों और अन्य मांगों को लेकर दस चिकित्सा संगठनों ने संयुक्त आंदोलन का ऐलान किया है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे कार्य बहिष्कार करेंगे। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार को केवल घोषणाएं करने के बजाय जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने और समय पर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की आवश्यकता है।









