सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में आयोजित दो दिवसीय ‘सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026’ का आज विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हो गया। इस वर्ष महोत्सव की थीम “Probity for Prosperity – सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखी गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज और कार्यक्षेत्र में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।
महोत्सव के दूसरे दिन फेस पेंटिंग और एकल गायन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपने शानदार कलात्मक कौशल से सभी का दिल जीत लिया। इस दौरान देश भर से आए चित्रकारों द्वारा की गई ‘लाइव पेंटिंग’ कार्यशाला विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जहां कलाकारों ने कैनवास पर अपने विचारों को सजीव रूप दिया। समापन समारोह में इन प्रतियोगिताओं के अलावा दो दिनों तक चली स्ट्रीट पेंटिंग, रंगोली और पॉट पेंटिंग के विजेता प्रतिभागियों, बेहतरीन कलाकारों और निर्णायकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर CCL के मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) श्री पंकज कुमार ने सभी अतिथियों, कलाकारों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक मजबूत और जिम्मेदार संगठन के निर्माण के लिए नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और ईमानदारी बेहद आवश्यक है। रांची के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों की शानदार रचनात्मकता को दर्शकों ने खूब सराहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस दो दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।









