राजधानी रांची के बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (खादगढ़ा-कांटाटोली) की बंदोबस्ती को लेकर उठ रहे सवालों और भ्रांतियों पर रांची नगर निगम ने शनिवार को स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की है। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि 7 अगस्त को एमएसटीसी (MSTC) पोर्टल पर शुरू हुए ऑनलाइन ऑक्शन को प्रशासनिक कारणों से उसी दिन दोपहर लगभग एक बजे निरस्त करने का निर्णय ले लिया गया था और एमएसटीसी को इसके निर्देश दे दिए गए थे। हालांकि पोर्टल की तकनीकी बाध्यताओं के कारण लाइव नीलामी को बीच में तुरंत रोकना संभव नहीं था और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कैंसिलेशन का विकल्प मिलता है, जिसके चलते स्क्रीन पर कुछ समय तक ऑक्शन लाइव दिखा और बोलियां दर्ज हुईं। निगम ने साफ किया कि वह किसी भी तरह की वैध बंदोबस्ती प्रक्रिया का हिस्सा नहीं थी और न ही उस दौरान दर्ज दरों का कोई प्रशासनिक मूल्यांकन किया गया।
विवाद से बचने और पूर्ण पारदर्शिता बरतने के उद्देश्य से निगम ने पुराने ऑक्शन को खारिज करते हुए 18 अगस्त को नए सिरे से (Fresh Auction) प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया, जिसके तहत 1 सितंबर को पुनः ऑनलाइन नीलामी संपन्न कराई गई। निगम के अनुसार, 1 सितंबर को आयोजित फ्रेश ऑक्शन तय नियमों के तहत पूरी तरह पारदर्शी रहा और अब तक किसी भी प्रतिभागी या आवेदक की ओर से कोई शिकायत या आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। वर्तमान में एमएसटीसी से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर ही सक्षम स्तर पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। निगम ने दोहराया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता से संचालित की गई है और यदि भविष्य में कोई औपचारिक आपत्ति सामने आती है, तो अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार जांच की जाएगी।









