राँची में अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने नवीन पुलिस केंद्र स्थित यु.सी.झा हॉल में एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में नगर, ग्रामीण और यातायात पुलिस अधीक्षकों, कोतवाली के अपर पुलिस अधीक्षक, सभी पुलिस उपाधीक्षकों, थाना प्रभारियों और टाइगर मोबाइल के कर्मियों की मौजूदगी में शहर की गश्ती व्यवस्था को हाईटेक और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष क्यूआर कोड लगाए गए हैं। अब टाइगर मोबाइल के जवानों को मौके पर पहुंचकर इन क्यूआर कोड्स को स्कैन करना अनिवार्य होगा, जिससे उनकी भौतिक उपस्थिति और गश्त की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा बैंक और आभूषण दुकानों जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों के आसपास नियमित और सघन गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।
अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आर्म्स एक्ट, चोरी, एनडीपीएस, अवैध शराब, ड्रग पेडलिंग, चेन एवं मोबाइल स्नैचिंग जैसे मामलों में शामिल रहे पुराने अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों का नए सिरे से सत्यापन किया जाएगा। खुफिया सूचनाओं का संकलन कर ऐसे तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टाइगर मोबाइल में तैनात सभी पदाधिकारियों और जवानों को छोटे हथियारों से तत्काल फायरिंग का कड़ा अभ्यास कराया जाएगा।
व्यवस्था में पारदर्शिता और नई ऊर्जा बनाए रखने के लिए एसएसपी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए निर्देश दिया है कि टाइगर मोबाइल में तीन साल से अधिक समय से तैनात कर्मियों का फौरन तबादला किया जाएगा और उनकी जगह नए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति होगी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने-अपने इलाकों में टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी करें और क्षेत्र की संवेदनशीलता के आधार पर ड्यूटी समय व कार्य-विभाजन तय करें, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद बनी रहे।










