भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में पूरी आत्मीयता और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कलाई पर उनकी बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने पारंपरिक विधि-विधान से रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधकर उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।
भावुक और आत्मीय पलों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बड़ी बहन के चरण स्पर्श कर स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया तथा सभी छोटी बहनों को हृदय से अपना दुलार, आशीर्वाद और शुभकामनाएं भेंट कीं। इस दौरान पारिवारिक सौहार्द और परंपरा का सुंदर दृश्य देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित परिवार के अन्य वरिष्ठ सदस्य और परिजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस पावन अवसर पर समस्त झारखंडवासियों को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं जोहार दिया। उन्होंने राज्य के हर नागरिक की सुख, समृद्धि, चौतरफा उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना करते हुए कहा कि यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, विश्वास और नारी सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाता है।










