रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ा आर्थिक उपहार दिया है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ (JMMSY) के तहत रांची जिले की 3 लाख 95 हजार 692 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अगस्त 2026 की सम्मान राशि सफलतापूर्वक भेज दी गई है। डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक लाभुक को ₹2,500 की दर से कुल ₹98 करोड़ 92 लाख 30 हजार की राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की गई है।
जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों में यह राशि बड़े पैमाने पर वितरित की गई है। प्रमुख क्षेत्रों की बात करें तो कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,620 लाभुकों को योजना का लाभ मिला है, जबकि टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,042 और मांडर में 23,008 महिलाओं के खातों में पैसे पहुंचे हैं। इसके अतिरिक्त सिल्ली में 21,335, बेड़ो में 20,620, रातू में 20,427, चान्हो में 19,374, तमाड़ में 18,832, नगड़ी में 18,345, नामकुम में 18,071, ओरमांझी में 17,898, बुढ़मू में 17,841, अनगड़ा में 16,796 और हेहल शहरी क्षेत्र में 16,376 महिलाओं को राशि प्राप्त हुई है। अरगोड़ा, सोनाहातू, लापुंग, इटकी, बड़गाईं, खलारी, राहे, नामकुम शहरी, बुंडू प्रखंड, नगड़ी शहरी, बुंडू नगर पंचायत और कांके शहरी क्षेत्र की हजारों बहनों को भी सम्मान राशि का सीधा लाभ मिला है।
रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। भुगतान प्रक्रिया की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि कोई भी पात्र महिला वंचित न रहे। योजना से जुड़ी किसी भी समस्या या जन शिकायत के लिए जिला प्रशासन ने आधिकारिक व्हाट्सएप हेल्पलाइन ‘अबुआ साथी’ (9430328080) भी जारी किया है।










