देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निष्पादन किया गया। जनता दरबार में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धा पेंशन, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, आवास, राजस्व और भू-अर्जन से संबंधित मामले प्रमुखता से सामने आए। उपायुक्त ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए राशन कार्ड और पेंशन से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि अन्य शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को भौतिक जांच कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के कड़े निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने राजकीय श्रावणी मेला के समापन के तुरंत बाद जिला भर में विशेष नागरिक सेवा और भू-अर्जन कैंप आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया। जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा विशेष कैंप लगाकर जमीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण से जुड़े मामलों का तेजी से निपटारा किया जाएगा, ताकि रैयतों को उनके हक की राशि बिना किसी परेशानी के मिल सके। इसके साथ ही सुदूर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां छूटे हुए लोगों के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने, नए आधार कार्ड के पंजीकरण, बायोमेट्रिक अपडेट और नाम-पते में सुधार की व्यवस्था होगी।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मेला समाप्ति के बाद इन कैंपों की समय-सारणी तैयार कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जरूरी नागरिक सेवाओं का लाभ कतार के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों की प्रगति की नियमित निगरानी उपायुक्त कार्यालय द्वारा की जाएगी।










