देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाँद डीह में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने जाली दस्तावेज के सहारे जमीन हड़पने की नीयत से एक परिवार के घर पर देर रात बम से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात के बाद कुंडा थाना पुलिस की कथित सुस्ती और लचर कार्यशैली से आहत पीड़ित दयानंद नापित (35 वर्ष) ने मंगलवार को देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर लिखित शिकायत सौंपी। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नामजद अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने और पूरे परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की पुरजोर मांग की है।
पीड़ित के अनुसार घटना 21 अगस्त 2026 की देर रात करीब 2:30 बजे की है, जब पड़ोस के नवीन नापित, रामदेव नापित, राजू नापित, रवि नापित और गमछे से मुंह ढके तीन अज्ञात हथियारबंद लोग दरवाजे पर आ धमके। गाली-गलौज करते हुए जब आरोपियों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की और डर के मारे परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, तो उन्होंने घर पर देसी बम फेंक दिया। धमाके के बाद पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित परिवार का गंभीर आरोप है कि कुंडा थाने में लिखित आवेदन देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने केवल खानापूर्ति की। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया लेकिन बिना किसी ठोस कार्रवाई के उसे छोड़ दिया। पुलिस की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को लगातार जान से मारने व जमीन से बेदखल करने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने एसपी से उच्चस्तरीय हस्तक्षेप कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।










