धनबाद: बरवाअड्डा थाना परिसर में 21 अगस्त को हुई हिंसक झड़प और हंगामे के मामले में पुलिस ने डुमरी विधायक जयराम महतो समेत 10 नामजद और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी रवि कुमार की शिकायत पर दर्ज कांड संख्या 146/26 में विधायक के अलावा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता व जिप प्रतिनिधि दिलीप चौधरी, पार्टी प्रवक्ता सुशील मंडल, महेंद्र साव, राजकुमार मंडल, जीतेंद्र हजारी, अजय दास, गोलक महतो, रंजीत कुमार और राजेश महतो को आरोपी बनाया गया है। इन सभी पर सोशल मीडिया के जरिए पुलिस पिटाई की झूठी अफवाह फैलाकर भीड़ जुटाने, थाने के भीतर जबरन घुसकर हाजत तक पहुंचने, हंगामा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप है।
पूरे विवाद की शुरुआत बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी हस्ताक्षर से जुड़े मामले से हुई थी। जेएलकेएम एससी मोर्चा के जिला सचिव गणेश दास पर फर्जी हस्ताक्षर कर जाति, आवासीय और वंशावली प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में कार्रवाई की गई थी। इसी मामले में पैरवी के लिए पहुंचे विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच थाने के भीतर ही टकराव हो गया, जिसमें मुखिया का बेटा घायल हो गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले अन्य उपद्रवियों के नाम भी मामले में जोड़े जाएंगे।










