डोमचांच (कोडरमा): कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रायडीह मोड़ के समीप शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह करीब सात बजे तेज रफ्तार हाईवा और एक ऑटो के बीच इतनी जोरदार टक्कर हुई कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान झुमरी तिलैया के भादोडीह निवासी ऑटो चालक मो. सलीम और फुलवरिया निवासी जीवन मेहता के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, ऑटो तिलैया से नवलशाही की ओर जा रहा था, तभी रायडीह मोड़ के पास सामने से आ रहे हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत अस्पताल ले जाने के बाद हुई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सुबह करीब 8:30 बजे कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वाहन का उपचालक बेहद लापरवाही से हाईवा चला रहा था, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ। आक्रोशित भीड़ ने मौके पर ही हाईवा चालक को पकड़ लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराकर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुट गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












