भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित कोर कमेटी की अहम बैठक में राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और छात्रों के प्रति सरकार के रवैये पर कड़ा रोष जताया गया। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए कई महत्वपूर्ण अभियानों पर अंतिम मुहर लगाई गई।
बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पार्टी पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। यह विशेष अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा।
इस महीने भर चलने वाले अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की ऐतिहासिक जनसेवा, उनकी उपलब्धियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएंगे। पार्टी जल्द ही इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां शुरू करेगी। बैठक में राज्य की मौजूदा परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।










