राजधानी रांची की लालपुर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, एक मोबाइल फोन और दो मास्टर की (चाबी) बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तमाड़ निवासी 30 वर्षीय गणेश दास और उसके सहयोगी 30 वर्षीय बधेश्वर मुंडा के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी गणेश दास का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है।
यह पूरा मामला 11 अगस्त को सामने आया था, जब चिरौंदी सरना कॉलोनी निवासी योगेंद्र साव की स्प्लेंडर प्लस बाइक (JH01EJ-1788) रांची कॉलेज स्थित आदिवासी ग्राउंड के पास से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर लालपुर थाने में कांड संख्या 181/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर मोराबादी के पानी टंकी ग्राउंड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध हालत में घूम रहे गणेश दास को दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह मास्टर की का इस्तेमाल कर शहर के विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहनों की चोरी करता था और उन्हें ग्रामीण इलाकों में औने-पौने दामों में खपा देता था। गणेश की निशानदेही पर पुलिस ने उसके सहयोगी बधेश्वर मुंडा को रायडीह से गिरफ्तार किया और चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। छापेमारी दल में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, मोराबादी टीओपी प्रभारी राहुल, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार सिन्हा समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।












