सावन की अंतिम सोमवारी और श्रावणी पूर्णिमा को लेकर रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी बाबा मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर जिला व ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के कड़े प्रबंध किए हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, जाम से निपटने के लिए प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया है और जरूरत पड़ने पर अन्य व्यस्त मार्गों पर भी रूट डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से मंदिर के आसपास वाहन न खड़ा कर केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। कटहल मोड़, तिलता चौक, रातू और पिस्का मोड़ की ओर से आने वाले वाहन बिरला मैदान में खड़े होंगे। वहीं धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा से आने वाले वाहनों के लिए बानो मंजिल रोड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स और करमटोली की दिशा से आने वाले वाहनों को मोरहाबादी स्थित रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क कराया जाएगा।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर हर तरह के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसमें शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर, मीनाक्षी गली, गौशाला कटिंग और बालाजी मंदिर की ओर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले सभी रास्ते शामिल हैं, जहां से किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।












