पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का खौफनाक कदम उठाने वाराणसी पहुंचे रांची के एक युवक को पुलिस की त्वरित सूझबूझ और तत्परता से सकुशल बचा लिया गया। मोरहाबादी (कुसुम विहार) निवासी 35 वर्षीय चंदन कुमार 21 अगस्त को बिना किसी को बताए घर से ट्रेन पकड़कर वाराणसी पहुंच गए थे। वहां उन्होंने गंगा नदी पर बने ऐतिहासिक राजघाट रेलवे पुल पर चढ़कर आत्महत्या करने से ठीक पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर परिजनों को भेजा, जिसमें उन्होंने जान देने की बात कही।
वीडियो देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने बिना एक पल गंवाए रांची के बरियातू थाना पुलिस से संपर्क साधा। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने तत्काल वाराणसी पुलिस को सूचना और युवक की लोकेशन साझा की। अलर्ट मिलते ही वाराणसी के रामनगर थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र और सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय तुरंत पुलिस बल के साथ राजघाट पुल पहुंचे।
पुलिस को अपनी ओर आता देख युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने धैर्य दिखाते हुए उससे बातचीत शुरू की और उसे समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद युवक को पुलिस चौकी ले जाकर उसकी काउंसलिंग की गई और उसे मानसिक रूप से सामान्य किया गया। सूचना पाकर वाराणसी पहुंचे परिजनों को सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चंदन को सकुशल सौंप दिया गया।











