आदित्यपुर में दुस्साहस: पुलिस स्टेशन में फरियाद कर रहा था दुकानदार, पीछे से अपराधियों ने दुकान पर बरसाईं गोलियां
जमशेदपुर. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है. शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे चूना भट्टा मुख्य सड़क स्थित ‘संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान’ पर दो बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस वक्त अपराधी दुकान पर गोलियां बरसा रहे थे, उसी समय दुकानदार संजय कुमार थाने में अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रहे थे.
4 राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचा कर्मचारी
घटना के वक्त दुकान पर रवि नामक युवक बैठा था. बाइक पर आए दो अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए करीब 4 राउंड गोलियां चलाईं. गनीमत रही कि रवि ने समय रहते फुर्ती दिखाई और उसकी जान बाल-बाल बच गई. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है.
विवाद की जड़: इनवर्टर बनाने को लेकर शुरू हुई रंजिश
दुकानदार संजय कुमार के अनुसार, यह जानलेवा हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है. विवाद की शुरुआत 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर हुई थी. इसी रंजिश में 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि और अमन नामक युवकों ने संजय कुमार के पुत्र पर हमला किया था, जिसकी लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी. दुकानदार का आरोप है कि शनिवार को भी आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि ने उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी. इसी धमकी की शिकायत दर्ज कराने जब वे थाने पहुंचे, तभी पीछे से अपराधियों ने वारदात को अंजाम दे दिया.
व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारी
दिनदहाड़े व्यस्त सड़क पर हुई इस फायरिंग ने आदित्यपुर पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत व्याप्त है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है और हमलावरों की पहचान कर ली गई है. पुलिस पूर्व में दर्ज मारपीट के मामले की भी जांच कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
प्रोटोकॉल तोड़ सड़क पर उतरीं राष्ट्रपति, बारीडीह में बच्चों को बांटी चॉकलेट
झरिया में सनसनी: विवाहिता प्रेमी संग फरार, दो बच्चों और नाबालिग ननद को भी साथ ले गई
आदित्यपुर में दुस्साहस: पुलिस स्टेशन में फरियाद कर रहा था दुकानदार, पीछे से अपराधियों ने दुकान पर बरसाईं गोलियां
जगन्नाथपुर में तड़के बड़ी कार्रवाई: एसडीओ महेंद्र छोटन उरांव और जगन्नाथपुर अंचल अधिकारी मनोज मिश्रा ने चार बालू लदे ट्रैक्टर किए जब्त, माफियाओं में मचा हड़कंप
डीटीओ ने छह मालवाहक गाड़ियों को पकड़ कर थाना को किया सुपुर्द