रांची: केंद्र सरकार की ओर से लाए जाने वाले प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस अहम मुद्दे पर अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट करने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने आज यानी शनिवार दोपहर पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है।
इस बैठक में परिसीमन के साथ-साथ महिला आरक्षण बिल के तमाम पहलुओं पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य इन दोनों संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषयों पर पार्टी के जनप्रतिनिधियों की राय जानना है।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन सभी सांसदों और विधायकों के साथ सामूहिक विचार-विमर्श करेंगे। जनप्रतिनिधियों के सुझाव और फीडबैक लेने के बाद ही झामुमो यह तय करेगा कि केंद्र सरकार के प्रस्तावित बिल का समर्थन किया जाए या इसका विरोध। इस मंथन के बाद ही पार्टी आधिकारिक तौर पर अपना अंतिम स्टैंड सार्वजनिक करेगी।











