बोकारो: आजसू पार्टी बोकारो जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को बोकारो परिसदन में संपन्न हुई, जिसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाएं और जनता के बुनियादी मुद्दों को मुखरता से उठाएं। उन्होंने पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष सचिन महतो की अध्यक्षता और संजय दास के संचालन में आयोजित इस बैठक में उत्तरी छोटानागपुर प्रभारी डॉ. लम्बोदर महतो, मांडू विधायक निर्मल महतो, केंद्रीय महासचिव काशीनाथ सिंह, जिला परिषद सदस्य राजेश महतो, विमला देवी, अमरदीप महाराज सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को धार देने का संकल्प लिया।
पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों को और गति देने के लिए 27 अगस्त को सुबह 10 बजे से रांची स्थित आजसू पार्टी के हरमू केंद्रीय कार्यालय में एक अहम सांगठनिक बैठक बुलाई गई है। सुदेश कुमार महतो की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी जिला अध्यक्ष, संयोजक, जिला व प्रमंडल प्रभारी, बीएलए-1 और विधानसभा प्रभारी शामिल होंगे। इसमें सुदेश महतो के आगामी विधानसभा दौरों, प्रखंड स्तरीय तैयारियों, जनसंवाद और आगामी राजनीतिक रणनीतियों की रूपरेखा तय की जाएगी।










